मध्य प्रदेश कांग्रेस के स्वास्थ्य और चिकित्सा प्रकोष्ठ के 12 जिलों के 80 पदाधिकारी भाजपा में शामिल

भोपाल। लोकसभा चुनाव नजदीक है और कांग्रेस में टूटने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद से ही बड़े और छोटे नेता कार्यकर्ता कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का कमल हाथ में उठा रहे हैं। बुधवार को भी कांग्रेस स्वास्थ्य और चिकित्सा प्रकोष्ठ के 80 से अधिक पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा और न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में कांग्रेस स्वास्थ्य और चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉक्टर बसंत राय, ग्वालियर चंबल संभाग प्रभारी डॉ. सिद्धांत दुबे, शिवपुरी में चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. नीलेश शर्मा भाजपा में शामिल हुए हैं।

इन लोगों ने कांग्रेसियों ने भाजपा का दामन थामा

इसके अलावा चिकित्सा प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. ऋचा तिवारी, रीवा टीआरएम कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामलला शुक्ला, चिकित्सा प्रकोष्ठ के विंध्य संभाग के प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमित तिवारी, रीवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. दीपनारायण शर्मा, सतना प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. दीपक कनौजिया, सागर प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. शिवानी वैश्य, महू प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा चतुर्वेदी, मऊगंज प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. कैलाश गुप्ता, रीवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. अमर पटेल, रीवा कोविड एसोसिएट अध्यक्ष डॉ. एसएम शर्मा, रीवा ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र शर्मा, डॉ. टीके पाठक, डॉ. मनीष देव सहित अन्य नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

12 जिलों के 60 डॉक्टर आए भाजपा में

पहली बार कांग्रेस की प्रबुद्धजन नेताओं की टोली ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। ग्रहण करने वालों में 12 जिलों के 60 से अधिक डॉक्टरों, 20 से अधिक फॉर्मास्टि और प्रबुद्धजन शामिल हैं। इन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेतागणों ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया. इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल और भोपाल जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।