महाराष्ट्र के संभाजीनगर ग्लव्स फैक्ट्री में भीषण आग, अंदर फंसे 6 लोगों की मौत

संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस दौरान कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की भी खबर थी। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है।
यह घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। वालुज MIDC में हाथ के दस्ताने बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने पर, अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे ने बताया ‘हमें सुबह 2।15 बजे फोन आया, जब हम मौके पर पहुंचे तो पूरी फैक्ट्री में आग लग गई थी। स्थानीय लोगों ने हमें इसकी सूचना दी थी। छह लोग अंदर फंसे हुए थे। इन सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। आग बुझाने का काम जारी है।

4 मृतकों की हुई पहचान

आग लगने के बाद एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें लोगों को इमारत के अंदर फंसे अपने रिश्तेदारों को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाते देखा गया।

शुरुआत में कंपनी के एक कर्मचारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया था कि इमारत के अंदर पांच कर्मचारी फंसे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने फंसे हुए चार श्रमिकों की पहचान भुल्ला शेख (65), कौसर शेख (26), इकबाल शेख (26) और मगरूफ शेख (25) के रूप में की। मजदूरों ने बताया कि रात में कंपनी बंद थी और जब आग लगी तो वे सो रहे थे।उन्होंने कहा, ‘जब आग लगी तो इमारत के अंदर 10-15 लोग थे। कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन अन्य अभी भी अंदर फंसे हुए हैं।’

अधिकारियों के मुताबिक, दमकल और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और इमारत के अंदर फंसे लोगों को बचाने की हर कोशिश की गई। हालांकि, इन्हें बचाया नहीं जा सका। आग लगने के कारणों का भी बताया लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट बताया गया।