केंद्रीय मंत्री पद संभाल सकते हैं शिवराज

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मोदी सरकार में मंत्री बन सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने शिवराज को लेकर अहम दावा किया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि शिवराज सिंह को दिल्ली भेजा जाएगा।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष रामदास अठावले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में थे। अठावले भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के साथ बातचीत की।

शिवराज के दुश्मनों को लगेगा धक्का

अठावले ने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा कि शिवराज सिंह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, ‘शिवराज सिंह चौहान का लोकसभा में आना है पक्का। इसलिए उनके दुश्मनों को लगेगा बहुत बड़ा धक्का।’
इसके अलावा अठावले से पूछा गया कि शिवराज सिंह की जगह किसी और को मुख्यमंत्री क्यों बना दिया? इसके जवाब में उन्‍होंने कहा कि जब मैं 1998 में पहली बार चुनकर आया था, तब शिवराज भी मध्य प्रदेश से लोकसभा के सांसद थे। शिवराज ने अच्छा काम किया, इसलिए उनको तीन बार मुख्यमंत्री पद मिला था, लेकिन पीएम मोदी को हर कास्ट को न्याय देना था, इसलिए ओबीसी चेहरा सामने लेकर आए। मध्य प्रदेश में ओबीसी मुख्यमंत्री है, राजस्थान में ब्राह्मण मुख्यमंत्री है। सभी जातियों के नेताओं को मौका मिलना चाहिए। शिवराज सिंह दिल्ली में हमारे साथ आएंगे। मंत्रिमंडल में भी आएंगे। शिवराज अगर दिल्ली आएंगे तो वहां कैबिनेट मंत्री बनाएंगे।

राहुल निकालें ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’

अठावले ने कांग्रेस पर निशाना भी साधा है। अठावले ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब राहुल गांधी ने देश को क्यों नहीं जोड़ा। राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा नहीं, बल्कि ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’ निकालने की जरूरत है।