निलंबित भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह को जान से मारने की धमकी

वाराणसी। भारतीय कुश्ती महासंघ के निलंबित अध्यक्ष संजय सिंह ‘बबलू’ को अनजान फोन नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई है। संजय सिंह इस संबंध में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

पुलिस को बताए अनुसार भेलूपुर थाना क्षेत्र के कबीर नगर दुर्गाकुंड निवासी संजय सिंह को 12 जनवरी की रात 8.30 से नौ बजे के बीच उनके दोनों फोन नंबरों पर अनजान नंबर से फोन आया। उन्होंने फोन नहीं उठाया। फिर 13 जनवरी को दोपहर में उसी नंबर से पुनः फोन आया तो उन्होंने रिसीव किया। फोन उठाते ही फोन करने वाला गाली व जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद डरकर मैंने (संजय सिंह) फोन काट दिया। पुन: उसी नंबर से फोन आने पर हमने पूछा कि क्या बात है तो फोन करने वाला भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह व संजय सिंह को धमकाने लगा। इस मामले में संजय सिंह की ओर से शनिवार को थाने में तहरीर दी गई। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया। विवेचना की जा रही हैं। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होगा।